पुलिस थाना सदर में बल्यूट के पास एक बस और ट्रक में टक्कर हो गई है। हादसे में बस में सवार चार यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार निजी बस हमीरपुर से जाहू जा रही थी। जैसे ही बस बल्यूट स्थित गौशाला के पास पहुंची तो विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से बस को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि बस में सवार चार यात्री भी घायल हो गए हैं।
घायलों में दो आईटीआई के प्रशिक्षु और दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों के नाम कांता, रोहित, संध्या देवी और विनोद हैं। ये कहां के रहने वाले हैं इस बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।
चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। उधर, ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, थाना प्रभारी राजेंद्र रत्न का कहना है कि पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर रवाना हो गई है। पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।