सुजानपुर/बिझड़ी (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर और बड़सर के तहत पुलिस ने 312 ग्राम चरस और 3.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत नौहली पुल के पास पुलिस ने एक गाड़ी से 312 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है। सोमवार सुबह करीब सात बजे सुजानपुर थाना प्रभारी श्याम लाल की अगुवाई में पुलिस की टीम यातायात चेकिंग पर नौहली पुल के पास तैनात थी।
इस दौरान हमीरपुर की ओर से आ रही एक गाड़ी को जब दस्तावेज चेकिंग के लिए रोका गया तो गाड़ी चालक घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो डैश बोर्ड से 312 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार निवासी बैजनाथ जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी श्याम लाल ने कहा कि आरोपी युवक से चरस बरामद हुई है। युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, पुलिस थाना बड़सर के तहत घंगोट गांव के पुल के पास बाइक पर जा रहे युवक विपन कुमार निवासी घंगोट को दस्तावेज चेकिंग के लिए रोका तो उससे 3.5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। एसएचओ जगदीश चंद का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।