भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत महल पंचायत के टूह गांव निवासी निजी स्कूल के एक अध्यापक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। जहर खाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्जकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मिली जानकारी अनुसार राकेश कुमार (35) पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव टूह डाकघर डूंगरी तहसील भोरंज निजी स्कूल में अध्यापक था। सोमवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए घर से निकला, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा। करीब 11 बजे परिजनों को भोरंज अस्पताल से फोन आया कि राकेश अस्पताल में दाखिल है। परिजन तुरंत भोरंज अस्पताल पहुंचे। तबीयत बिगड़ने पर शिक्षक को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया। हमीरपुर में भी उसकी तबीयत बिगड़ती देख उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया, लेकिन टांडा ले जाते समय शिक्षक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है शिक्षक ने घर से स्कूल जाते समय रास्ते में खा लिया। रास्ते में बेसुध पड़े देखकर लोगों ने भोरंज अस्पताल पहुंचाया। मृतक विवाहित है और उसका एक बेटा है। एसएचओ भोरंज कुलवंत का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।