हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के खिलाफ टेंडर आवंटन मामले में हुई शिकायत पर मंगलवार को शिमला से सीआईडी के एएसपी विनोद कुमार व टीम ने मौके पर जाकर छानबीन की और दोनों जगहों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दोनों जगहों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की। बता दें कि वर्ष 2015 में वार्ड-4 में रास्ते और बजूरी में करवाए गए सड़क निर्माण में नप द्वारा अपने चहेतों को टेंडर आवंटित करने की शिकायत पुलिस थाना हमीरपुर में वर्ष 2017 में की गई।
शिकायतकर्ता सुनील ने नप के कुछ प्रतिनिधियों पर टेंडर आवंटन में धांधली करने के आरोप लगाए थे। इस पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने भी छानबीन की, लेकिन मंगलवार को शिमला से सीआईडी के एएसपी विनोद कुमार और टीम ने दोनों स्थलों का मौके पर दौरा किया और छानबीन की। इस दौरान उन्होंने तत्कालीन कुछ नप प्रतिनिधियों से भी पूछताछ की। टीम ने जो छानबीन की उसकी रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई के लिए रख ली है। इस दौरान नप के ईओ विनोद कुमार शर्मा, नप जेई अश्वनी सहित सीआईडी के अन्य अधिकारी, शिकायतकर्ता सुनील और नप के प्रतिनिधि मौजूद रहे।