भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत डाडू गांव के पास एक गाड़ी चालक से चुनाव आयोग की स्क्वायड टीम ने दस लाख के गहने बिना बिल के पकड़े। स्क्वायड टीम ने जब गाड़ी चालक को जांच के लिए रोका और उससे बिल मांगे तो वह बिल नहीं दिखा सका। बिल न दिखा पाने पर टीम ने मौके पर एक्साइज विभाग को बुलाया। जब एक्साइज विभाग ने इसकी जांच की तो पता चला कि दुकानदार चोरी के डर से दुकान से गहने रोज अपने घर ले जाता है।
दुकानदार शुक्रवार शाम को दुकान बंद कर सारे गहने गाड़ी से घर ले जा रहा था। गहनों के सारे कागजात दुकान में ही थे। इस दौरान एक्साइज विभाग ने सारे गहने अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद दुकानदार ने गहनों के कागजात विभाग को दिखाए। कागजात दिखाने के बाद टीम ने दुकानदार को गहने लौटा दिए। इस संबंध में एक्साइज विभाग के ईटीओ विशाल गोरला ने कहा कि इलेक्शन कमीशन की स्क्वायड टीम ने शुक्रवार शाम को 10 लाख के गहनों के साथ एक गाड़ी चालक को पकड़ा था। उन्होंने कहा कि दुकानदार ने बाद में सभी गहनों के के बिल दिखाए। इसके बाद गहने लौटा दिए गए।