गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत पड़ते गहली गांव में मौजूद आईपीएच विभाग के पंप हाउस से शातिर साढ़े चार लाख रुपये की मशीनरी और उपकरणों पर हाथ साफ कर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग उपमंडल गलोड़ के तहत गाहली गांव में आईपीएच विभाग की सिंचाई योजना है। सिंचाई योजना के पंप हाउस से चोरों ने बुधवार रात को दो पंपों सहित करीब दस उपकरण चुरा लिए हैं। हालांकि यह पंप हाउस काफी समय से बंद पड़ा था, लेकिन इसकी मशीनरी पंप हाउस के कमरे में ही थी। बुधवार देर रात चोरों ने पंप हाउस में सेंध लगाकर साढ़े चार लाख रुपये की मशीनरी और उपकरणों पर हाथ साफ कर लिया है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग उपमंडल गलोड़ के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि वीरवार सुबह चोरी की घटना का पता चलते ही पुलिस चौकी गलोड़ में प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि चोरी किए गए उपकरणों और मशीनरी की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये है।
उधर, चौकी प्रभारी गलोड़ कुशादत्त का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।