बड़सर(हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत पुलिस ने जजरी गांव के एक व्यक्ति के घर में दबिश देकर 146 बोतल कोरेक्स और 123.92 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आरोपी ओम चंद (52) पुत्र आत्मा राम निवासी गांव व डाकघर जजरी तहसील बड़सर जिला हमीरपुर के घर से पुलिस ने दबिश देकर 146 बोतल कोरेक्स और चरस बरामद की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। शनिवार दोपहर बाद जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो थाना बड़सर प्रभारी जयनंद शर्मा की अगुवाई में एक टीम जजरी गांव के लिए रवाना हुई। जब पुलिस ने आरोपी के घर में दबिश तो उसके घर के पास गोबर के ढेर से पुलिस को कोरेक्स की 146 बोतल और 123.92 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपी पेशे से भवन शटरिंग का कार्य करता है।
डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर नशे की खेप को पकड़ा है। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।