डिडवीं टिक्कर(हमीरपुर)। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते कैहडरू गांव में शनिवार रात्रि करीब आठ बजे एक स्कूटर और अज्ञात वाहन की टक्कर में स्कूटर चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्जकर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
संदीप कुमार(48) पुत्र अमरनाथ निवासी गांव और डाकघर मौहीं तहसील व जिला हमीरपुर शनिवार रात को भोटा की ओर से स्कूटर पर सवार होकर अपने घर आ रहा था। कैहडरू गांव के मोड़ के पास स्कूटर की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग सड़क पर पहुंचे। लोगों ने देखा कि सड़क पर घायल व्यक्ति पड़ा हुआ है और उसका स्कूटर नाली में पड़ा हुआ है। वहीं अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। इसके बाद घायल को एंबुलेंस द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी रमन कुमार मीणा का कहना है कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।