सुजानपुर (हमीरपुर)। अपने आप को अविवाहित बताकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और शादी का झूठा वादा करने वाले आरोपी युवक को सुजानपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। युवक-युवती दोनों ही जिला कांगड़ा के रहने वाले हैं। लड़की किराए के मकान पर सुजानपुर में रहती थी। थाना प्रभारी सुजानपुर सुभाष शास्त्री ने बताया कि कांगड़ा जिला का ही एक युवक जो अपने आप को अविवाहित बताकर बीते 4 वर्षों से लड़की के संपर्क में था। इस दौरान उसने उस लड़की के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। युवक ने लड़की को शादी करने का झूठा वायदा किया था। क्योंकि लड़का पहले से ही शादीशुदा था। लड़की को जब इस बात की भनक लगी तो उसने शिकायत थाना सुजानपुर में दर्ज करवाई।
3 जून को यह शिकायत लड़की द्वारा सुजानपुर थाना में दर्ज करवाई गई थी। जिसके बाद लगातार मामले की जांच चल रही थी। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए युवक को मंगलवार गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया यह युवक बीते 4 वर्षों से उस लड़की के साथ रहकर कहता था कि वह अविवाहित है और वह उस लड़की के साथ शादी करेगा। जब लड़की ने उसे शादी करने को कहा तो वह मुकर गया और कहने लगा कि वह शादीशुदा है। उसके छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। लड़की ने आपबीती सुजानपुर पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस ने पीड़ित युवती और आरोपी युवक का मेडिकल करवाकर जांच को आगे बढ़ाया। डीएसपी हेडक्वार्टर हितेश लखनपाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि शिकायत के आधार पर युवक सलाखों के पीछे है और उससे आगामी पूछताछ एवं कार्रवाई की जाएगी।