हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत जिला मुख्यालय में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने शनिवार को हमीरपुर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित बच्ची के भादंसं की धारा 164 के तहत न्यायालय में बयान कलमबद्ध करवाए थे। बच्ची ने पुलिस थाना सदर में करवाई गई दुष्कर्म की शिकायत की तरह ही कोर्ट में भी वही बयान दिया है। किराये के मकान में रहने वाले एक प्रवासी परिवार की पांच वर्षीय बच्ची के साथ हमीरपुर जिला मुख्यालय के एक अधेड़ पर चार दिन पूर्व दुष्कर्म के आरोप लगे हैं।
वीरवार को बच्ची के पेटदर्द की शिकायत पर जब उसकी माता ने उससे पूछा तो बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई। उसके बाद पीड़ित की मां ने पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ित बच्ची का हमीरपुर अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। इस मामले को लेकर बीती रात को बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर हितेश लखनपाल ने कहा कि आरोपी व्यक्ति को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। हालांकि, पीड़ित बच्ची की अस्पताल से अभी तक फाइनल मेडिकल रिपोर्ट आना बाकी है।