हमीरपुर। जिला मुख्यालय में नशे में धुत होकर बीएड की छात्रा से छेड़छाड़ कर रहे दो युवकों में से एक को युवती ने कॉलर से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरा मौके से फरार हो गया। युवती की हिम्मत देख स्थानीय लोग भी मौके पर इकट्ठे हो गए। वहीं, युवती ने अपने भाई को भी मौके पर बुला लिया। काफी देर से युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहे युवकों को युवती ने नजरअंदाज किया, लेकिन जब युवक कुछ ज्यादा ही छेड़छाड़ पर उतारू हुए तो युवती ने इसका विरोध किया और दो में से एक युवक को मौके पर ही कॉलर से पकड़ लिया। इस दौरान स्थानीय दुकानदार और राहगीर भी इकट्ठे हो गए और युवती के पक्ष में खड़े हो गए। युवती ने इस बात की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने एक आरोपी को पकड़ लिया और उसे पूछताछ के लिए पुलिस सहायता कक्ष नजदीक बस अड्डा हमीरपुर ले गई। वहीं, दूसरा युवक फरार है। युवती ने पुलिस में दिए बयान में कहा कि उक्त दोनों युवक काफी देर से उसका पीछा कर रहे थे और उसे फब्तियां कस रहे थे। उसने इस बात का विरोध किया और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा मौके से भाग गया। इस संबंध में बस स्टैंड चौकी प्रभारी सोहन सिंह का कहना है कि युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहे युवक का मेडिकल करवाया जा रहा है। पुलिस एक युवक को चौकी लेे आई है, जबकि दूसरा युवक फरार है जिसे फोन पर कांटेक्ट किया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।