हमीरपुर। जिला मुख्यालय में बॉडी मसाज की बेशकीमती मशीनें बेचने वाली फर्म अपना बोरिया बिस्तर समेटकर हमीरपुर से फरार हो गई है। जिस भवन में उनका कारोबार चल रहा था, वह अब खाली है और शटर पर ताला लगा हुआ है। मसाज की मशीनें बेचने और हमीरपुर में मसाज के जरिए लोगों के शरीर का दर्द दूर करने वाला मजाज थैरेपी सेंटर अब बंद है। ‘अमर उजाला’ ने अपने 21 मार्च 2018 और 7 अगस्त 2018 के अंक में इस फर्म से जुड़ी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद एक्साइज विभाग ने मामले की जांच की और टैक्स न देने के आरोप में मसाज की मशीनें बेचने वाले इस केंद्र के संचालक पर साढ़े नौ लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।
पुलिस ने 14 दिसंबर को हमीरपुर कोर्ट के आदेश पर संबंधित फर्म के खिलाफ हमीरपुर पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। हालांकि, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, लेकिन संबंधित फर्म हमीरपुर से फरार हो गई है। पुलिस थाने में एक व्यक्ति से बॉडी मसाज मशीन के नाम पर अढ़ाई लाख की ठगी का मामला दर्ज हुआ है। शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त ज्ञान चंद निवासी हमीरपुर ने यह शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित व्यक्ति के शरीर में दर्द रहता था। उसे एक एजेंट ने बताया कि थैरेपी मशीन के माध्यम से पूरे शरीर का दर्द समाप्त हो जाएगा। इसके बाद वह पूरी तरह ठीक हो जाएगा। व्यक्ति ने एजेंट के झांसे में आकर करीब अढ़ाई लाख की मशीन खरीद ली। लाखों की मशीन खरीदने के बाद कई दिन प्रयोग की। लेकिन, कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद एजेंट से भी इसकी शिकायत की गई लेकिन, कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद इसकी शिकायत पुलिस थाना हमीरपुर में दर्ज करवाई है। पुलिस ने भादंसं की धारा 420, 464, 471 के तहत मामला दर्ज कर किया गया है। उधर, हमीरपुर थाना के प्रभारी संजीव गौतम ने बताया कि मसाज सेंटर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि आगामी कार्रवाई जारी है।