भोटा (हमीरपुर)। पुलिस चौकी भोटा के तहत मोरसू सुल्तानी गांव के नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर के गांव दयालबाला के 60 वर्षीय रामचंद्र पुत्र शेर सिंह के रूप में हुई है। रामचंद्र यहां सड़क के किनारे दुकान लगाकर लकड़ी का सामान बेचता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
एनएच-103 पर कुणाह खड्ड के समीप मोरसु सुल्तानी नाले में रहस्यमय परिस्थितियों में प्रवासी रामचंद्र का शव मंगलवार सुबह मिला है। रामचंद्र अपने साथी जयपाल के साथ पिछले करीब दो सालों से मोरसू रेन शेल्टर के पास कुर्सियां और अन्य सामग्री बेचने का व्यवसाय करता था। सोमवार रात के समय दोनों साथी उसी जगह पर सोए थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे जयपाल ने पुलिस चौकी भोटा में सूचना दी कि उसके साथी रामचंद्र का शव नाले में मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज हमीरपुर भेज दिया है। जयपाल ने रामचंद्र की मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी है। रामचंद्र की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। मृतक का परिवार पैतृक गांव में ही रहता है। इस संबंध में डीएसपी हमीरपुर हितेश लखनपाल का कहना है कि मोरसू सुल्तानी नाले में प्रवासी व्यक्ति का शव मिला है। जिसका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।