हमीरपुर। जिला पुलिस के पीओ सेल ने चार सालों से उद्घोषित करार एक अपराधी को अमृतसर से दबोचा है। पुलिस अपराधी को पकड़कर हमीरपुर ले आई है। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। वर्ष 2007 में नादौन थाने में उक्त अपराधी के खिलाफ हिट एंड रन का केस दर्ज हुआ था। आरोपी ने गाड़ी से एक व्यक्ति को टक्कर मार दी और गाड़ी सहित मौके से भाग गया।
इससे व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। घायल ने पुलिस थाना नादौन में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। उक्त अपराधी न्यायालय में पेश नहीं हुआ। इस कारण वर्ष 2014 में कोर्ट ने उसे उद्घोषित करार दे दिया। आरोपी की पहचान सतीश कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। पीओ सेल की टीम में एएसआई दीपक, मुख्य आरक्षी विनोद ठाकुर और आरक्षी रवि ठाकुर शामिल रहे। एएसपी बलवीर सिंह का कहना है कि आरोपी को पकड़कर हमीरपुर लाकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।