किसी और को किडनैप करने गए युवक वेटरनरी डॉक्टर को उठा लाए
फार्मासिस्ट के हस्तक्षेप के बाद चिकित्सक को छोड़ा, पुलिस में शिकायत की
बीते माह एनआईटी हमीरपुर के टॉपर मेकेनिकल इंजीनियर पर भी हुआ था जानलेवा हमला
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत कांगू क्षेत्र में एक वेटरनरी चिकित्सक को फिल्मी स्टाइल में आरोपी युवकों ने घर से किडनैप कर लिया। बाद में पता चला कि यह वह चिकित्सक नहीं है, जिसे वह किडनैप करना चाहते थे। पीड़ित ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। इसके बाद पीड़ित चिकित्सक ने इस मामले की शिकायत मंगलवार को पुलिस थाना नादौन में दी है। चिकित्सक को लाने के लिए युवकों ने भैंस के बीमार होने का बहाना बनाकर फोन किया। जिस पर चिकित्सक ने युवकों के साथ चलने को सहमति प्रदान कर दी और अपने साथ मौजूद फार्मासिस्ट को भी युवकों के बताए पते पर बुला लिया। वेटरनरी अस्पताल जसाई में तैनात डॉ. पंकज लखनपाल ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह अपने घर कांगू में थे तो उन्हें फोन पर किसी ने जानकारी दी कि उनकी भैंस काफी बीमार है और उसके उपचार के लिए उसी समय उनके घर आना होगा। डॉ. लखनपाल की ओर से हामी भरने के बाद दो युवक उन्हें लेने के लिए आए और वह उनके साथ चले गए।
इस बीच डॉक्टर ने बदेहड़ा गांव में तैनात अपने सहयोगी फार्मासिस्ट विपुल सिंह को भी उनके बताए पते पर आने के लिए फोन कर दिया। लखनपाल ने बताया कि कांगू विश्राम गृह के पास पहुंचने पर युवकों ने उनके फोन की मांग की। जिसे देने के लिए उन्होंने मना कर दिया। इसी दौरान आरोपी युवकों के कुछ और साथी दो वाहनों में सवार होकर मौके पर पहुंच गए और वहां युवकों के बीच कुछ कहासुनी भी हुई। लखनपाल ने बताया कि वह लोग बात कर रहे थे कि गलत व्यक्ति को उठा कर ले आए हो। इसी बीच जब विपुल ने डॉक्टर को फोन किया तो उन्होंने फोन पर आवाजें सुनीं और वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय व्यक्ति को देखकर युवक थोड़ा शांत हो गए। विपुल के कहने पर उन्होंने डॉक्टर को वहां से जाने दिया। लखनपाल ने इस घटना की सूचना मंगलवार को नादौन पुलिस को दी। पुलिस ने तीन युवकों को थाने में बुलाकर छानबीन आरंभ कर दी है। बाकी युवकों की पहचान की जा रही है। विधानसभा क्षेत्र नादौन में कानून व्यवस्था पटरी से बाहर है। यहां आए दिन वारदातें हो रही हैं। कुछ दिन पहले एनआईटी हमीरपुर के टॉपर मेकेनिकल विभाग के इंजीनियर रोहित पटियाल पर भी कुछ युवकों ने जानलेवा हमला किया था। जिसकी जांच अभी तक पुलिस में चल रही है। इससे पहले बिजली कर्मचारी से भी मारपीट की गई थी। इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र परमार ने बताया कि अभी मामले की छानबीन की जा रही है।