सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के भलेठ में एक माोटरसाइकिल दुर्घटना में सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय आशीष शर्मा पुत्र स्वरूप शर्मा निवासी गांव बीड़ बगेहड़ा, सुजानपुर के रूप में हुई है। युवक घर में इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें शादीशुदा हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी है। यह घटना मंगलवार दोपहर एक बजे की है।
जिला मुख्यालय हमीरपुर से घर वापसी कर रहा उपमंडल सुजानपुर का आशीष शर्मा घर से 10 किलोमीटर दूर दुर्घटना का शिकार हो गया। घायल अवस्था में युवक को स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर पहुंचाया गया। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। स्वास्थ्य विभाग सुजानपुर के चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। आशीष शर्मा मंगलवार को किसी जरूरी कार्य के चलते जिला मुख्यालय हमीरपुर गया हुआ था और कार्य समाप्त होने के बाद दोपहर बाद घर वापसी कर रहा था। लेकिन, घर से 10 किलोमीटर पीछे भलेठ गांव में अपनी बाइक पर नियंत्रण खो दिया और बाइक स्किड होने से गंभीर घायल हो गया। सड़क मार्ग पर चल रहे एक वाहन चालक ने इंसानियत निभाते हुए घायल अवस्था में युवक को स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर पहुंचाया लेकिन, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया है। उधर, सुजानपुर थाना प्रभारी श्याम लाल ने बताया कि आशीष कुमार पुत्र स्वरूप शर्मा की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई है। प्रथम दृष्टि से यह तेज रफ्तारी का मामला लग रहा है।