हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की स्टाफ नर्स के मौत मामले में सीनियर वार्ड सिस्टर ने अपनी अग्रिम जमानत की याचिका वापस ले ली है। अग्रिम जमानत पर सोमवार को फैसला सुनाया जाना था। लेकिन, इससे पहले ही सीनियर वार्ड सिस्टर के वकील ने जमानत याचिका वापस ले ली। ऐसे में अब पुलिस ने सीनियर वार्ड सिस्टर की तलाश शुरू कर दी है। उस पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। याचिका वापस होने के बाद से वह घर से गायब है। हालांकि पुलिस ने तलाशने व गिरफ्तार करने के लिए टीम रवाना कर दी हैं। अभी तक वार्ड सिस्टर का कोई सुराग नहीं लगा है।
बता दें कि मेडिकल कॉलेज की स्टाफ नर्स मोनिका ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसका कारण सुसाइड नोट में सीनियर स्टाफ की प्रताड़ना बताया। इसके बाद पुलिस दर्जनभर स्टाफ नर्सों व वार्ड सिस्टर से पूछताछ कर चुकी है। हालांकि जमानत याचिका वापस लेने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अब पुलिस वार्ड सिस्टर को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि वार्ड सिस्टर के वकील ने अग्रिम जमानत की याचिका वापस ले ली है। पुलिस की टीम वार्ड सिस्टर की तलाश में जुटी है। अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।