पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला किया दर्ज, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के धनेटा क्षेत्र में एक दंपती पर तेजधार हथियार से वार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डिब गांव के कमलेश कुमार ने शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार एक जून को जब वह अपनी पत्नी के साथ घर जा रहा था तो घर से पीछे कुछ दूरी पर दो मोटरसाइकिल लगाकर चार लड़कों ने रास्ता रोका लिया। तीन लड़कों ने अपने-अपने चेहरे ढके हुए थे।
जब उन्होंने लड़कों से रास्ता खोलने के लिए कहा तो एक लड़के ने किसी तेजधार हथियार से बार कर दिया। आरोपी यही नहीं रुके, उन्होंने लात घूसों से मारपीट भी शुरू कर दी। आरोपियों ने पत्नी को भी नहीं बक्शा और उससे भी मारपीट की। मारपीट करने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल लेकर मौका से धनेटा की तरफ भाग गए। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि मारपीट की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है।
मारपीट पर क्रॉस मामला दर्ज
हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज किया है। घुरैड़ा के मनोहर लाल ने शिकायत दी है कि पड़ोसन ने उनकी बहू को पत्थर मारे हैं। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से कुमारी रिंकू कटोच ने कहा कि मनोहर कटोच और उनके परिवार के सदस्यों ने मारपीट और लड़ाई झगड़ा किया और धमकी दी। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने दो पक्षों में मारपीट हुई है, मामले में जांच जारी है।