बस अड्डा हमीरपुर पर बसों का इंतजार करते लोग।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंडी के प्रस्तावित दौरे के चलते 27 दिसंबर को हमीरपुर डिपो के सभी लोकल रूटों पर बसों की आवाजाही बंद रहेगी। सोमवार को हमीरपुर डिपो से महज दिल्ली, चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर और शिमला के लिए ही बसें जाएंगी। जबकि, सभी लोकल रूट ठप रहेंगे। जिले से कुल 90 बसें प्रधानमंत्री की रैली के लिए लोगों को लेकर मंडी जाएंगी। ऐसे में सप्ताह के पहले दिन ही अपने गंतव्य जाने वाले लोगों, विभिन्न कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, प्राइवेट नौकरी पेशा वालों और स्कूल व कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना होगा।
हालांकि, हमीरपुर से कोई भी निजी बस प्रधानमंत्री की रैली में नहीं जा रही है, लेकिन जिले में अधिकतर रूट ऐसे हैं, जहां के लिए निजी बसें नहीं जातीं। महज सरकारी बसों से ही लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे क्षेत्रों के लोगों को कहीं बाहर जाने के लिए टैक्सियों या निजी वाहनों का प्रयोग करना होगा। उधर, कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी। बस पास के जरिये निगम की बस में निशुल्क जाने वाले विद्यार्थियों को किराया खर्च कर निजी बसों या टैक्सियों में कॉलेज पहुंचना होगा। कई कक्षाओं की परीक्षा भी चली हुई है। ऐसे में समय पर बस न मिलने के कारण इनकी परीक्षा भी छूट सकती है।
किन रूटों पर जाएंगी बसें
एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के कुल चल रहे 157 रूटों में से सभी लोकल रूटों पर बसें नहीं जाएंगी। जबकि, हमीरपुर से दिल्ली के लिए दो वोल्वो रूट, दो साधारण और एक डीलक्स रूट पर बसें जाएंगी। वहीं, चंडीगढ़ के चार रूटों पर बसें जाएंगी। लुधियाना साढ़े ग्यारह और अमृतसर साढ़े दस बजे एक-एक रूट पर बस जाएगी। वहीं, शिमला के महज दो रूटों पर बसें जाएंगी। इन रूटों के अलावा शेष चलने वाले सभी रूट बंद रहेंगे। रूटों की जानकारी के लिए लोग बस अड्डा हमीरपुर के हेल्पलाइन नंबर 01972222893 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
90 बसें जाएंगी पीएम की रैली में : डीडीए
डीडीएम विवेक लखनपाल का कहना है कि 90 बसें पीएम की रैली के लिए जाएंगी। इस कारण सभी लोकल रूट बंद रहेंगे। जबकि, अंतरराज्यीय कुछ रूटों और शिमला के दो रूटों पर बसें भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सुबह साढ़े चार बजे के बाद निगम की बसें मंडी रैली के लिए जिले से रवाना होना शुरू हो जाएंगी। इस दौरान जिस क्षेत्र के रूट पर जो बस जाती है, वही बस उस क्षेत्र के लोगों को लेकर मंडी जाएगी।