Corona's havoc: Civil hospital Bhoranj sealed for two days
- फोटो : Feydzhet Shabanov - stock.adobe.
भोरंज (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल भोरंज में एक सफाई कर्मचारी और गर्भवती महिला के कोरोना पॉजिटिव आने पर अस्पताल दो दिन के लिए सील कर दिया है। भोरंज उपमंडल में निरंतर कोरोना का कहर बढ़ रहा है। जिसके तहत सोमवार को रैपिड टेस्ट में भी 35 में से 29 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। भोरंज अस्पताल में इलाज करवाने के लिए सैकड़ों लोग प्रतिदिन आते हैं।
ऐसे में अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव केस आने से सभी अस्पताल आने वाले लोग डर गए हैं। प्रशासन ने भी कोरोना से बचाव के लिए दो दिन के लिए अस्पताल को सील कर दिया है। इससे पूर्व भी गत वर्ष 2020 में तीन बार और 2021 में एक बार अस्पताल के कर्मचारी व मरीज कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल को बंद किया जा चुका है।
सिविल अस्पताल में गर्भवती महिला आई थी। जिसे लेबर रूम में रखा गया था, जिसका कोरोना टेस्ट लिया गया जिसमें महिला पॉजिटिव पाई गई तथा अस्पताल का एक सफाई कर्मचारी भी कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है। जिससे भोरंज अस्पताल में दहशत का माहौल है। बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बाद सिविल अस्पताल भोरंज को सैनिटाइज करने के लिए दो दिन के लिए यानी 26 व 27 अप्रैल को बंद कर दिया गया है। जिसके चलते अस्पताल में ओपीडी और आपातकालीन सेवाएं भी बंद रहीं।
कोरोना जांच में गर्भवती महिला व अस्पताल का सफाई कर्मचारी करोना पॉजिटिव आया है। साथ ही रैपिड टेस्ट में 35 में से 29 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। एहतियात के तौर पर अस्पताल को दो दिन के लिए सील कर दिया है।