हमीरपुर। जिले में सोमवार को 46 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। यह सभी रैपिड एंटीजन टेस्ट में संक्रमित पाए गए हैं। जबकि आरटीपीसीआर में कोई भी मामला पॉजिटिव नहीं आया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि सोमवार को जिले में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 476 सैंपल लिए गए जिनमें 46 पॉजिटिव निकले। जिला में कुल संक्रमित 22876 हो गए हैं। इनमें से 22200 ठीक हो गए हैं, जबकि 355 एक्टिव केस हैं। 320 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई है। डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग अति आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे मास्क के बगैर बाहर न निकलें, आपस में पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, कहीं पर भी भीड़ इकट्ठी न करें और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें। अगर खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षण सामने आते हैं तो तुरंत अपने आपको आइसोलेट कर लें तथा अपना टेस्ट करवाएं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाई लें और अपने प्राथमिक संपर्क में आए सभी लोगों को भी कोरोना टेस्ट करवाने के लिए प्रेरित करें।