सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर में खंड विकास अधिकारी कार्यालय के भवन निर्माण कार्य का ठेका रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय तब लिया गया जब ठेकेदार ने छह महीने बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद भवन निर्माण कार्य का पुनः आरंभ होगा।
वर्तमान में खंड विकास अधिकारी कार्यालय लघु सचिवालय सुजानपुर में संचालित हो रहा है। दो वर्ष पूर्व नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर दो में डोली स्थान पर तत्कालीन पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास कर शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। प्रथम चरण में 50 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी की गई थी। इसके बाद भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट भी आवंटित किया गया था। बावजूद इसके, ठेकेदार ने निर्धारित समय पर कार्य शुरू नहीं किया और विभाग ने ठेके को रद्द कर दिया।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर के पास डोली में पांच कनाल भूमि उपलब्ध है, जहां पर भवन का निर्माण प्रस्तावित है। नए टेंडर के माध्यम से भवन निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी और 1.50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इससे कार्यालय भवन में बेहतरीन सुविधाएं प्रदान की जा सकेंगी।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर के भवन निर्माण कार्य को लेकर पहली बार का ठेका रद्द कर दिया गया है। अब दूसरी बार टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 1.50 करोड़ रुपये के बजट के साथ नया ठेका आवंटित किया जाएगा और निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ होगा।
-राजेश्वर भाटिया, खंड विकास अधिकारी, सुजानपुर