भोरंज (हमीरपुर)। नागरिक अस्पताल भोरंज को अब बाल रोग विशेषज्ञ भी मिल गया है। इससे अब बच्चों का इलाज करवाने के लिए अभिभावकों को हमीरपुर या फिर निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अस्पताल में लंबे समय से बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर का पद रिक्त चल रहा था। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों का इलाज करवाने के लिए हमीरपुर या फिर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। इससे अधिक समय से बर्बाद होने के साथ ही ज्यादा धन भी खर्च होता था। हाल ही में अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ ने ज्वाइन कर ओपीडी में सेवाएं देना शुरू कर दिया है।
इससे अभिभावकों को अब काफी राहत मिली है। अभिभावक सुरजीत, नरेंद्र, दिनेश, कमला देवी, और लक्ष्मी ने बताया कि पहले चिकित्सक की कमी के कारण समस्याएं आती थीं, लेकिन अब बच्चों के चिकित्सक की नियुक्ति से अभिभावकों को काफी सुविधा हुई है। अब बच्चों के इलाज के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
बता दें कि इससे पहले भोरंज अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ भी ज्वाइन कर चुके हैं, जिससे भोरंज अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति सुदृढ़ हो गई है। अस्पताल की दैनिक ओपीडी लगभग 450 मरीजों की है। बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया ने पुष्टि करते हुए कहा कि अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ आ गए हैं। इससे बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।