हमीरपुर। हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन, जिला हमीरपुर की मासिक बैठक कार्यकारी अध्यक्ष विपन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई और संबंधित विभागों से लंबित मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने का दोबारा आग्रह किया गया।
संगठन के महासचिव मनोहर लाल कानूनगो ने बताया कि अणु कॉलेज के मैदान के विपरीत दिशा में स्थित रिहायशी मकानों में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं है। बैठक में शहर के अधिकांश वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया गया।
उन्होंने नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त से स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बोर्ड की ओर से उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए बाध्य करने की शिकायतों पर भी चर्चा हुई।
संगठन ने बिजली बोर्ड से जागरूकता शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के बारे में जानकारी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि स्मार्ट मीटर लगाना आवश्यक है तो उपभोक्ताओं को इसकी प्रक्रिया और आवश्यकता की पूरी जानकारी दी जाए और उनकी सहमति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एसके कौड़ा, युद्धवीर पठानिया, हेमराज शर्मा, शंभू राम जसवाल, केसी गौतम, अनिरुद्ध डोगरा, प्रेमचंद, गोपाल शर्मा, रणजीत सिंह ठाकुर, ओपी नंदा आदि मौजूद रहे।