नादौन (हमीरपुर)। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को जैन मंदिर, नादौन में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी कैप्टन जेएम पठानिया की अध्यक्षता में बिजली उपभोक्ताओं की बैठक हुई।
इसमें बिजली बोर्ड पेंशनर्स फोरम के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लेकर स्मार्ट मीटरिंग का विरोध किया। कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने आरोप लगाया कि बिजली अधिनियम की भावना की अनदेखी कर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
उनका कहना था कि इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और बिजली बोर्ड के कर्मचारियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना की लागत में अंतर की जांच कराने और इसकी प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की।
बैठक के बाद उपभोक्ताओं ने नादौन बाजार से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बिजली उपभोक्ता मंच का गठन किया गया।
मंच का मुख्य संरक्षक कैप्टन जेएम पठानिया, संयोजक कुलदीप सिंह खरवाड़ा, सहसंयोजक सुरेश राठौर, सचिव जेके धीमान तथा कोषाध्यक्ष राजकुमार चौधरी को बनाया गया। साथ ही नवगठित पदाधिकारियों को 51 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित करने का अधिकार भी दिया गया।