कांगू(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के अमलैहड़ में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है। 25 करोड़ रुपये की लागत से राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के प्रथम चरण का कार्य करवाया जा रहा है। 125 कनाल भूमि पर बनने वाले इस संस्थान में विद्यार्थियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके परिसर में शैक्षणिक के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के लिए भी आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा। स्कूल में विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को इस स्कूल के प्राइमरी विंग को एक साल के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्लासरूम हो या खेलने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला ग्राउंड या फिर एनसीसी, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं, ये सभी प्रावधान राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल में किए जा रहे हैं। आम परिवारों के बच्चों को अत्याधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल मील का पत्थर साबित होंगे।