धनेटा (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय धनेटा के बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य एक माह के भीतर पूरा होगा। बहुमंजिला भवन के दो ब्लॉकों ए, बी का निर्माण कार्य 95 फीसदी पूरा हो गया है, जबकि तीसरे ब्लॉक सी का निर्माण कार्य एक माह के भीतर पूरा हो जाएगा।
बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य विधानसभा क्षेत्र नादौन के अंतर्गत टीका महाल भदरूंह जगह पर करवाया जा रहा है। भवन निर्माण पर 24.19 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से वर्ष 2019 में उच्चतर शिक्षा विभाग के नाम टीका महाल भदरूंह में महाविद्यालय निर्माण के लिए भूमि अलॉट हुई थी। उसी समय पांच करोड़ रुपये की टोकन मनी भी निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 12 करोड़ रुपये कर दिया गया।
दूसरी ओर महाविद्यालय का निर्माण कार्य करवाने वाली एजेंसी लोक निर्माण विभाग ने कॉलेज प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार से इस बजट को अपर्याप्त बताते हुए अतिरिक्त बजट स्वीकृत करने के बारे में आवेदन किया। इसके तहत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तुरंत प्रभाव से करीब 12.68 करोड़ रुपये अतिरिक्त धनराशि के रूप में स्वीकृत करवाई थी। प्रस्तावित योजना के तहत धरातल की मंजिल में एक स्टाफ रूम, स्पोर्ट्स रूम, भारत स्काउट एवं गाइड रूम के अलावा म्यूजिक रूम, गर्ल काॅमन रूम और चौकीदार रूम के अलावा, लेक्चर थियेटर, केमिस्ट्री लैब और शौचालय आदि बनाए गए हैं।
बहुमंजिला भवन की पहली मंजिल में प्राचार्य कार्यालय, स्ट्रांग रूम, जरनल कॉलेज ऑफिस, दो क्लासरूम, पांच लेक्चर थियेटर, एक फिजिक्स लैब सहित शौचालय का निर्माण और दूसरी मंजिल में एक परीक्षा हॉल, एक परीक्षा नियंत्रण कक्ष, दो क्लासरूम, एक कंप्यूटर लैब, एक लाइब्रेरी, जूलॉजी और बॉटनी लैब के अलावा शौचालय का निर्माण किया गया है। ब्लॉक बी में लिफ्ट की व्यवस्था और ब्लॉक सी में रैंप का निर्माण कार्य अभी प्रस्तावित है।
कोट्स
महाविद्यालय में दो संकायों कला और वाणिज्य की कक्षाएं चल रही हैं। महाविद्यालय को अपना नया भवन मिलने पर निश्चित तौर पर पढ़ाई करने वाले वातावरण का भी निर्माण होगा और पदों के आधार पर स्टाफ को भी उचित स्थान मिलेगा।
-प्रो. ज्ञान चंद राणा, प्राचार्य धनेटा कॉलेज
महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन के दो ब्लॉकों का 95-95 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो गया है। तीसरे ब्लॉक का निर्माण कार्य अभी 70 फीसदी ही हुआ है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। एक माह के भीतर भवन पूरी तरह बनकर तैयार होगा।
-अमन, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, धनेटा