बाकर खड्ड पर बराड़ा में निर्माणाधीन पुल। स्रोत : लोक निर्माण विभाग
हमीरपुर। विकास खंड बमसन के अंतर्गत बाकर खड्ड पर बराड़ा में 122 मीटर लंबे डबल लेन पुल का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूर्ण होने की संभावना है। पुल का एक स्पैन तैयार हो चुका है, जबकि कुल चार स्पैन बनाए जाने हैं।
बरसात के मौसम में जुलाई और अगस्त के दौरान निर्माण बंद रहेगा। यह पुल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-तीन के तहत स्वीकृत हुआ है, जिस पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इसके निर्माण से जिला हमीरपुर और मंडी के बीच संपर्क और अधिक सुगम होगा तथा लगभग 15 किलोमीटर का सफर कम हो जाएगा। परियोजना से प्रत्यक्ष रूप से करीब पांच हजार लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से बाकर खड्ड पर पुल निर्माण की मांग की जा रही थी। पुल बनने के बाद मंडी और हमीरपुर जिले के अवाहदेवी, धर्मपुर और सरकाघाट क्षेत्रों की दूरी लगभग सात से आठ किलोमीटर कम हो जाएगी।
इससे लोगों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आवागमन भी आसान होगा। पुल मंडी के टीहरा प्वाइंट पर सड़क से जुड़ेगा, जिससे विभिन्न रूटों पर आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
बराड़ा, पटनौण धार से होकर बाकर खड्ड के लिए सड़क जाती है, जो आगे मंडी की सड़क से मिलती है। पुल निर्माण के बाद यह पूरा रूट और अधिक सुगम व उपयोगी हो जाएगा।
कोट
दिसंबर तक पुल का निर्माण संपन्न करवाने का लक्ष्य है। करीब 11 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
-नितीश भारद्वाज, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग टौणी देवी