हमीरपुर। उपमंडल भोरंज के तहत जाहू पशु चिकित्सालय के नए भवन का निर्माण कार्य बजट के अभाव के कारण लटक गया है। पूर्व भाजपा सरकार में जाहू पशु औषधालय को स्तरोन्नत कर चिकित्सालय का दर्जा दिया था। इसके बाद चिकित्सालय के लिए नए भवन के निर्माण के लिए भूमि का चयन कर नए भवन का निर्माण कार्य 2021 में शुरू हुआ। इस भवन पर करीब 66 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित था। नवनिर्मित भवन में बिजली का मीटर भी लग चुका है। प्राप्त बजट खत्म हो चुका है लेकिन अभी तक खिड़कियां, दरवाजे, बिजली की फिटिंग और रंग-रोगन व अन्य कार्य होना बाकी है।
दो साल से भवन का कार्य बंद होने और देखरेख के अभाव के कारण चारों ओर झाड़ियां उग गई हैं। बारिश का पानी भी भवन के अंदर आ रहा है। उधर पशुपालन विभाग हमीरपुर के सहायक निदेशक परियोजना डॉ. सतीश वर्मा ने कहा कि जाहू में पशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जो बजट प्राप्त हुआ था, उसे खर्च किया जा चुका है। करीब दस लाख रुपये के अतिरिक्त बजट की मांग की गई है। राशि प्राप्त होते ही कार्य संपन्न कर दिया जाएगा।