जिला मुख्यालय के बस अड्डे से मात्र कुछ दूरी पर अधूरी निकासी नाली के निर्माण में जुटे कर्मचारी।
हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग ने करीब चार माह बाद अधर में छोड़ी गई निकासी नाली का निर्माण फिर शुरू कर दिया है। 100 मीटर लंबी अधूरी नाली का काम शुरू होने से दुकानदारों ने राहत की सांस ली है।
लोक निर्माण विभाग ने मई माह में नाली का निर्माण शुरू किया था, लेकिन आधी नाली बनाने के बाद काम बंद कर दिया गया था। दुकानदारों ने इस संबंध सीएम हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज करवा रखी थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
बुधवार को संवाद न्यूज एजेंसी की खबर खोदाई के चार माह बाद भी नहीं बनी 100 मीटर नाली... शीर्षक से अमर उजाला के अंक में प्रकाशित हुई। वहीं, खबर का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग ने अधूरी नाली का निर्माण शुरू कर दिया है।
दुकानदारों के अनुसार नाली अधूरी होने से गंदा पानी जमा हो रहा था, जिससे मक्खी-मच्छरों की समस्या बढ़ गई थी और बीमारियों का खतरा बना हुआ था। उन्होंने विभाग से नाली को लोहे की जाली या कंकरीट ब्लॉक से ढकने की मांग की है।
कोट :
निकासी नाली का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। शीघ्र ही निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। गंदे पानी की निकासी भी शुरू कर दी है, ताकि लोगों और दुकानदारों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
-दीपक कपिल, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हमीरपुर
जिला मुख्यालय के बस अड्डे से मात्र कुछ दूरी पर अधूरी निकासी नाली के निर्माण में जुटे कर्मचारी।