हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के वार्ड 10 में प्रस्तावित सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया में उलझ गया है। डेढ़ वर्ष बाद भी भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। जिससे वार्ड के लोगों और शहरवासियों को कार्यक्रम आयोजित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम हमीरपुर की ओर से दो वर्ष पूर्व शहरी विकास विभाग कार्यालय को निर्माण कार्य के लिए प्रपोजल भेजा थी ताकि वार्ड में भवन का निर्माण करवाया जा सके। डेढ़ वर्ष पूर्व प्रपोजल मंजूर होने के बाद निर्माण कार्य के लिए 40 लाख रुपये का बजट जारी हुआ था। बजट राशि जारी होने के बाद अभी तक निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया नहीं हो पाई है। जिससे निर्माण कार्य की प्रक्रिया अधर में रुकी हुई है।
वार्ड निवासियों राकेश, प्रदीप, रोशन, अश्वनी शर्मा, राजेंद्र राणा, शिवम, दीप चंद आदि ने कहा कि निगम के गठन के बाद वार्ड में पार्क के साथ प्रस्तावित सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के लिए दो बार जगह चयनित की गई। वर्तमान में वार्ड में सामाजिक समारोह आयोजित करने के लिए कोई भी उचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोगों को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए महंगे दामों पर होटल बुक करवाने पड़ रहे हैं। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
वार्ड में जाकर स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। शीघ्र ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करवाई जाएगी ताकि वार्ड के लोगों को समारोह आयोजित करने के लिए जगह मिल सके।
-अभिषेक कुमार गर्ग, एडीसी, हमीरपुर