बड़सर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल कार्यकर्ताओं
बड़सर (हमीरपुर)। भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल ने रविवार को बड़सर विस क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं की। नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए लखनपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू मंच से झूठ बोलकर जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहे है, लेकिन उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यदि समय रहते विधायकों द्वारा उठाए गए जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान करते तो आज उन्हें जनता के बीच इस तरह जगह-जगह झूठ नहीं बोलना पड़ता। जिस व्यक्ति ने ताउम्र झूठ की ही राजनीति में ही विश्वास रखा और पिछले चुनाव में भी जनता को झूठे सपने दिखाकर सता हासिल की हो, उससे झूठ के अलावा और क्या अपेक्षा की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि पहले जनता उनके बहकावे में आकर एक बार धोखा खा चुकी है। जनता अब दूसरी बार विश्वास नहीं करेगी। लखनपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की बौखलाहट इस बात की गवाह बन रही है कि कांग्रेस चुनाव से पहले ही हार मान चुकी है। कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष ढटवालिया भूल रहे हैं कि उनके भाजपा में शामिल होने से पहले उनके परिवार के सदस्य ही विधायक के रिश्तेदारों और मित्रों में प्रथम श्रेणी में रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह न कभी पार्टी विशेष की राजनीति पर विश्वास रखा और न ही व्यक्ति विशेष को महत्व दिया। बड़सर की जनता इस बात को भली भांति जानती है कि उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बड़सर के हर व्यक्ति का काम किया है।