फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: बिझड़ी जिप वार्ड में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं, डैंफा ने दाखिल किया नामांकन

Sat, 09 May 2026 01:17 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
विज्ञापन
बड़सर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर में जिला परिषद चुनाव के तहत नामांकन प्रक्रिया के साथ सियासी सरगर्मियां चरम पर हैं। कांग्रेस नेता परमजीत शर्मा ने अनारक्षित वार्ड बिझड़ी से शुक्रवार को नामांकन भरा। ऐसे में यहां चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है।
विज्ञापन

इस वार्ड में भाजपा ने पहले रवि कुमार को समर्थित प्रत्याशी बनाया था। बाद में जारी संशोधित सूची में भाजपा ने रवि कुमार की बजाय विकास कुमार को समर्थित प्रत्याशी घोषित किया। इस बदलाव से यहां भाजपा में हलचल पैदा हो गई थी, वहीं अब कांग्रेस में भी बगावत सामने आई है।

एसडीएम बड़सर के समक्ष जिला परिषद वार्ड नंबर-13 बिझड़ी से शुक्रवार को तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें कांग्रेस नेता परमजीत शर्मा उर्फ डैंफा, भाजपा समर्थित विकास कुमार और यशपाल सिंह शामिल हैं।
विज्ञापन

परमजीत शर्मा उर्फ डैंफा कांग्रेस का समर्थन न मिलने के चलते चुनावी मैदान में उतरे हैं। विकास कुमार पटियाल भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। वहीं, यशपाल सिंह के नामांकन के बाद इस वार्ड में चुनावी समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं।

जिला परिषद वार्ड नंबर-14 झंझियाणी से कांग्रेस समर्थित विपिन कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिला परिषद वार्ड नंबर-12 करेर और जिला परिषद वार्ड नंबर-15 दांदड़ू से शुक्रवार को कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
अभी तक बड़सर विधानसभा क्षेत्र के चार जिला परिषद वार्डों से कुल आठ उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। परमजीत शर्मा डैंफा का कहना है कि कुछ लोग षड्यंत्र के तहत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की बड़सर में छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
इस सीट को जीतकर वह मुख्यमंत्री की झोली में डालेंगे। उन्होंने कहा कि वह 31 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं, लेकिन कुछ स्थानीय नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व को गुमराह किया, जिस वजह से आवेदन के बावजूद उन्हें पार्टी समर्थित प्रत्याशी नहीं बनाया गया।





-
कांग्रेस किस मुंह से प्रदेश की जनता से वोट मांगेगी : विजय

नादौन में जिला परिषद के भाजपा समर्थित दो उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

संवाद न्यूज एजेंसी

नादौन (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन में जिला परिषद के भाजपा समर्थित दो उम्मीदवारों ने पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री की मौजूदगी में एसडीएम नादौन निशांत शर्मा के समक्ष नामांकन दाखिल किया।
पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब किस मुंह से प्रदेश की जनता से वोट मांगेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता से झूठे वादे किए, चाहे महिलाओं को 1500 रुपये देने की बात हो या युवाओं को रोजगार देने की।
उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर प्रदेश कांग्रेस सरकार हार से डरी हुई है, इसलिए सरकार सही समय पर चुनाव करवाने से पीछे हट रही थी।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह कुकू ने जिला परिषद वार्ड अमलैहड़ से पर्चा भरा है, वहीं सपड़ोह वार्ड से नीलम चौधरी भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। नीलम चौधरी वर्ष 2011 में जिला परिषद सदस्य रह चुकी हैं, जबकि वीरेंद्र सिंह कुकू पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं।
नादौन विधानसभा क्षेत्र में कुल चार जिला परिषद वार्ड हैं, जिनमें से दो वार्डों में उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पठानिया, भाजपा नेता डॉ. अशोक शर्मा, चंदू लाल चौधरी, सुरेंद्र छिंदा, केश्व गोस्वामी, पवन शर्मा, डिंपल सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।



कैप्शन =नादौन में जिला परिषद के भाजपा समर्थित उम्मीदवार पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री के साथ।




जंगलरोपा से दर्जी, चमनेड़ से सुरेश ने भरा नामांकन

हमीरपुर। जिला परिषद वार्ड जंगलरोपा (वार्ड नंबर-5) से पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि जंगलरोपा वार्ड के लोगों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने भाजपा से समर्थन की मांग की थी और स्थानीय विधायक से मिलने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उन्हें समर्थित प्रत्याशी नहीं बनाया गया। एडवोकेट सुरेश कुमार ने चमनेड़ वार्ड से शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में नामांकन पत्र दाखिल किया। सुरेश कुमार छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में भी एसएफआई के अध्यक्ष रह चुके हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें