सुजानपुर( हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर में रेहड़ी-फड़ी वालों को लेकर एक नगर विक्रय समिति का गठन किया जाएगा। गठन को लेकर नगर परिषद सुजानपुर ने कवायद तेज कर दी है। गठन से जहां एक ओर नगर परिषद सुजानपुर में आजीविका कमा रहे रेहड़ी-फड़ी धारक अपनी समस्याओं को समिति के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे, वहीं दूसरी ओर वर्षों से तहबाजारी के रूप में धनराशि पर कुंडली जमाए दुकानदार इस समिति के सदस्य नहीं बन पाएंगे। उनका पंजीकरण भी रद्द कर दिया जाएगा। नगर विक्रय समिति में सरकारी व गैर सरकारी सदस्य नियुक्त किए जाएंगे।
चुनाव में केवल नगर परिषद द्वारा पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी, खोखा धारक ही भाग ले सकेंगे। शनिवार, 25 जनवरी तक दिए जा रहे फॉर्म रेहड़ी धारकों को नप कार्यालय में जमा करवाने होंगे। जिसको लेकर नगर परिषद सुजानपुर ने बाकायदा रेहड़ी-फड़ी वालों को सूचना दे दी है। नगर परिषद सुजानपुर के तहत ऐसी रेहड़ियों की संख्या 111 के करीब बताई जा रही है। वहीं महत्वपूर्ण पहलू है कि रेहड़ी-फड़ी खोखा धारकों को अपने पंजीकरण सदस्यता को लेकर बकाया के रूप में तहबाजारी देनी पड़ेगी। नगर परिषद प्रशासन के मुताबिक करीब पांच लाख की धनराशि केवल मात्र रेहड़ी-फड़ी दुकानदारों के पास ही फंसी हुई है। देनदारी अदा न करने वालों को डिफॉल्टर मानकर उनका लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा।
इस संबंध में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के मैनेजर डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि प्रक्रिया पूरी होने पर नगर समिति का गठन किया जाएगा। जिस पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई होगी।