अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर इकाई के कार्यकर्ता कालेज गेट के बाहर नारेबाजी करते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर इकाई ने प्रांत कार्यकारिणी के आह्वान पर प्रदेश स्तरीय और स्थानीय मांगों को लेकर बुधवार को हमीरपुर कॉलेज परिसर के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। विद्यार्थी परिषद ने मांग उठाई कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम एवं पुनर्मूल्यांकन के परिणाम को समय पर घोषित किया जाए। वर्ष 2014 में छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगाकर छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। अत: छात्र संघ चुनाव तुरंत बहाल किए जाएं।
शिलान्यास का पत्थर रख देने से केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू नहीं होगा। केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर और क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की नियमित भर्तियां की जाएं। कृषि क्षेत्र से जुड़े कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर एवं वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय नौणी में अत्यधिक फीस को छात्र हित में वापस लिया जाए। इकाई अध्यक्ष हमीरपुर हनी शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद की इन मांगों को अगर प्रदेश सरकार पूरा नहीं करती है तो विद्यार्थी परिषद अपने आंदोलन को और तेज करेगी। छात्र संघ आने वाले समय में जोरशोर से मांगों को उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन तथा सरकार की नींद को तोड़ने का कार्य करेगी।