बिझड़ी (हमीरपुर)। नागरिक अस्पताल बड़सर को डेपुटेशन पर रेडियोलॉजिस्ट मिला है। अरसे से अस्पताल में खाली चल रहे पद पर आखिरकार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद लोगों को यह सुविधा मिली है। हालांकि, सरकार ने लोगों की शिकायत के बावजूद खाली पद पर नियमित नियुक्ति नहीं की है, लेकिन लोगों की सुविधा के लिए सप्ताह में वीरवार के दिन रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था कर दी है। सरकार की अस्पताल में इस व्यवस्था के बाद हर वीरवार को रेडियोलॉजिस्ट बड़सर अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे।
इससे लोगों को लंबे समय से हो रही समस्याओं से कुछ हद तक राहत मिलेगी। बड़सर अस्पताल को नागरिक अस्पताल का दर्जा मिले तीन साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक अस्पताल में समस्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। स्टाफ की कमी के कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार और विभाग की लापरवाही से परेशान क्षेत्र के लोगों ने बड़सर अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद को भरने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर बार-बार शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद डेपुटेशन पर रेडियोलॉजिस्ट मिला है। क्षेत्र की लोगों में अजय कुमार, एसके चंदेल, संदीप कुमार, संदीप अग्निहोत्री, विकास कुमार, अश्वनी कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया है।