हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत हमीरपुर अणु रोड पर ट्राला यूनियन के पास ट्राले की टक्कर से स्कूटी सवार दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों घायल एनआईटी हमीरपुर में सिक्योरिटी गार्ड हैं और वीरवार सुबह ड्यूटी के लिए अणु जा रहे थे। दोनों घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में चल रहा है। विजय कुमार पुत्र स्वर्गीय ईश्वर दास गांव बारी रोपा तहसील और जिला हमीरपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वीरवार सुबह करीब सवा पांच बजे स्कूटी पर वह और उसके साथ एक अन्य कर्मचारी एनआईटी में ड्यूटी को जा रहे थे। जब ट्राला यूनियन के पास पहुंचे तो सामने से एक ट्राला तेज रफ्तार से आया और स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्राला चालक मौके से भाग गया। हादसे में इन दोनों को गंभीर चोटें आई है। वहीं, गांधी चौक पर बुधवार रात को एक कार यहां एक शोरूम से जा टकराई। जिससे शोरूम का शटर और कांच क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि इससे शोरूम मालिक को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कार चालक ने नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया, जिसके चलते पुलिस में केस दर्ज नहीं हो पाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी का कहना है कि मामला दर्जकर हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।