बड़सर(हमीरपुर)। सिविल अस्पताल बड़सर के सामने एनएच-503ए सड़क किनारे बनी नालियों में गंदगी को साफ करने करने के लिए शुक्रवार को विभागीय कर्मचारी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और सफाई अभियान शुरू किया।
अस्पताल के सामने लंबे समय से नालियों में गंदगी जमा थी। जगह-जगह घास उगी हुई थी। लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई थी। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद शुक्रवार को विभाग के कर्मचारी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और नालियों की सफाई का कार्य शुरू किया।
लोगों ने कहा कि जब इन नालियों का निर्माण किया गया था, उसी समय उनकी डिजाइन और पानी की निकासी को लेकर कई सवाल उठाए थे। नालियों की ढलान सही तरीके से नहीं बनाई, जिस कारण पानी का बहाव रुक जाता है और नालियों में गंदा पानी जमा रहता है। बरसात के मौसम में यही पानी ओवरफ्लो होकर दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में घुस जाता है।
इन नालियों के भीतर जल शक्ति विभाग ने पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन भी बिछाई है। लोक निर्माण विभाग कनिष्ठ अभियंता वैभव ने कहा कि 15 दिन पहले स्थानीय लोगों के साथ बैठक की गई और नालियों की सफाई को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि नालियों की सही तरीके से सफाई की गई है।