संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। ग्रामीण रोजगार कार्डधारक परिवारों को साल में 125 दिन काम देने की मांग को लेकर सीटू जिला कमेटी हमीरपुर ने वीरवार को विकास खंड अधिकारी कार्यालय बिझड़ी के बाहर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बीडीओ कार्यालय के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। मजदूर नेताओं ने कहा कि कानून में 125 दिन रोजगार देने का प्रावधान है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को काम नहीं मिल रहा है, जिससे मजदूरों में रोष है।
सीटू के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार और जिला सचिव जोगिंदर कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा कानून की जगह नया कानून लागू किया है। मनरेगा के तहत जल संरक्षण टैंकों का निर्माण, भूमि समतल करने और पक्के डंगे लगाने जैसे कार्य नए कानून में खत्म कर दिए गए हैं।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर कम हुए हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार कार्ड धारक परिवार के एक सदस्य को साल में 125 दिन काम देने का वादा किया था, लेकिन एक साल बीतने के बावजूद लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
पहले मनरेगा के तहत काम करके परिवार चलाने वाले गरीब ग्रामीण अब रोजगार के लिए परेशान हैं। उन्होंने बताया कि संगठन ने प्रत्येक विकास खंड में 125 दिन रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
सीटू ने विकास खंड बिझड़ी की सभी पंचायतों में रोजगार कार्ड धारकों को साल में 125 दिन काम देने और योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पंचायत स्तर पर शिविर लगाने की मांग की। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह और प्रताप राणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।