हमीरपुर। करीब 21 दिन पहले शिमला से विकास कार्यों का ऑनलाइन लोकार्पण और शिलान्यास के बाद अब रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिले के दौरे पर आ रहे हैं। वे हमीरपुर के बचत भवन में रविवार शाम साढ़े तीन बजे कोरोना हालातों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 26 मार्च को उनका हमीरपुर दौरा प्रस्तावित था। लेकिन अचानक कोरोना के बढ़ते खतरे की वजह से उन्होंने दौरा रद्द कर दिया था।
इसके चलते शिमला से मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन टौणीदेवी तहसील भवन का लोकार्पण किया। जबकि इस दिन राजस्व विभाग की आवासीय कालोनी और जलशक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया था। इसके बाद धर्मशाला, मंडी, सोलन और पालमपुर नगर निगम में उनकी चुनावी सभाएं और रैलियां होती रहीं। हमीरपुर का दौरा रद्द होने से जहां भाजपा कार्यकर्ताओं में मायूसी थी। वहीं, कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री का हमीरपुर दौरा रद्द होने पर खूब आलोचना की थी। मुख्यमंत्री ने बड़सर विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन साल के दौरान विकास कार्य की कोई नींव नहीं रखी। बड़सर से मुख्यमंत्री की दूरी को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। लेकिन अब पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने हमीरपुर का टूअर प्रोग्राम बनाया है। वहीं, परिधि गृह हमीरपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव भी हमीरपुर परिधिगृह में ही है।
उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर की विकास की दृष्टि से शुरू से अनदेखी की है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के समय रखे नींव के पत्थरों पर आज तक काम शुरू नहीं हुआ।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को हमीरपुर में आ रहे हैं। शीघ्र ही उनका बड़सर विधानसभा क्षेत्र का भी दौरा होगा।