क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में सर्दी जुकाम के रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। रोजाना सौ से डेढ़ सौ रोगी उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंच रहे हैं। दोपहर बाद तक ओपीडी के बाहर रोगियों की कतारें लग रही हैं।
रोगियों में सबसे अधिक संख्या आठ साल तक के बच्चों की है। चिकित्सकों की मानें तो मौसम के बदले मिजाज से बच्चे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में सर्दी जुकाम से ग्रसित रोजाना करीब डेढ़ सौ रोगी पहुंच रहे हैं। इनमें 80 से 100 तक शिशु वार्ड में आठ साल तक के बच्चे पहुंच रहे हैं। वहीं, 40 से 50 रोगी 20 से 45 आयु वर्ग के पहुंच रहे हैं।
जिला भर में बढ़े मरीज
क्षेत्रीय अस्पताल के अलावा अन्य प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ में रोजाना 20 से 30 रोगी सर्दी जुकाम की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। टौणीदेवी में 10 से 20, सुजानपुर में 15 से 20, बड़सर में 30 से 35, भोटा में पांच से 10, भोरंज में 20 से 30 और नादौन में 50 से 70 रोगी रोजाना उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो मौसम के बदलते मिजाज के चलते लोग सर्दी जुकाम की चपेट में आ रहे हैं।
एसएमओ डॉ. रमेश चौहान का कहना है कि मौसम में बदलाव के चलते लोग सर्दी जुकाम की चपेट में अधिक आ रहे हैं। ओपीडी में 80 फीसदी लोग सर्दी जुकाम की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।