भोरंज पुलिस ने छह घंटे की कार्रवाई में 32 हजार रुपये वसूला जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। वाहन अधिनियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भोरंज पुलिस ने कार्रवाई की। करीब छह घंटे की कार्रवाई में 25 बड़े वाहनों तथा 10 छोटे वाहनों के चालान काटकर करीब 32 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हडकंप मच गया। भोरंज पुलिस ने पट्टा से अवाहदेवी वाया तरक्वाड़ी सड़क और बस्सी से भरेड़ी वाया नगरोटा गाजियां सड़क पर निजी स्कूलों की बसों का निरीक्षण किया है। इस दौरान अधिकांश बसों में क्षमता से अधिक बच्चे बैठे हुए पाए गए। अधिकांश चालक बिना वर्दी से वाहन चलाते हुए मिले। करीब 8 निजी स्कूलों की बसों की चेकिंग की गई है। 20 से 25 बड़े वाहनों की चेकिंग के दौरान वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कागजात नहीं पाए गए हैं। इससे करीब 25 हजार रुपये का जूर्माना वसूला है।
इसी तरह बिना हेलमेंट, लाइसेंस, आरसी, प्रदूषण प्रमाणपत्र के अभाव के कारण 10 छोटे वाहनों जैसे स्कूटी व मोटरसाइकिल के चालान किए हैं। इनसे करीब 7 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। भोरंज थाना प्रभारी निर्मल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी राजीव, संजय कुमार, महिला आरक्षी सीमा व कांस्टेबल अशोक कुमार उपस्थित रहे। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए निजी वाहनों में संपूर्ण व्यवस्था होना आवश्यक है। करीब 32 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है।