हमीरपुर। एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष टोनी ठाकुर ने कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीय युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। हमीरपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने सरकार से इस मामले पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रभावित भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए, यह देश के सामने स्पष्ट किया जाना चाहिए। टोनी ठाकुर ने हाल ही में अमेरिकी हमले में मारे गए हमीरपुर सहित देश के अन्य युवाओं के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और जिन परिवारों ने अपने युवा सदस्यों को खोया है, उन्हें सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आर्थिक सहायता और अन्य आवश्यक सहयोग के लिए विशेष कदम उठाने की मांग की।
टोनी ठाकुर ने कहा कि बेहतर शिक्षा और रोजगार की तलाश में देश का युवा विदेशों में जा रहा है, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।