अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत 11 तक कार्यक्रम आयोजित करेगा महिला बाल विकास विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर महिला एवं बाल विकास विभाग 2 से 11 अक्तूबर तक बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। वीरवार को ग्राम पंचायत बजूरी के आंगनबाड़ी केंद्र दुगनेड़ी में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मिशन शक्ति की जिला समन्वयक कल्पना ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष 2 से 11 अक्तूबर तक अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका शुभारंभ दो अक्तूबर को विशेष ग्राम सभा में प्रतिभाशाली बेटियों के सम्मान के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना वर्ष 2015 से आरंभ की गई थी और यह योजना तीन महत्वपूर्ण मंत्रालयों महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और शिक्षा मंत्रालय की ओर से संयुक्त रूप से क्रियान्वित की जा रही हैं।
योजना के प्रथम चरण में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट को लागू करना, व्यापक जागरूकता अभियान चलाना और कम शिशु लिंगानुपात वाले 100 जिलों में विशेष रूप से कार्य करना सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि बुनियादी स्तर पर लोगों को प्रशिक्षित, संवेदनशील और जागरूक बनाकर तथा सामुदायिक एकजुटता के माध्यम से लोगों की सोच को बदलने पर जोर दिया जा रहा है। कल्पना ठाकुर ने स्थानीय महिलाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर तथा महिला हेल्पलाइन-181 के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। जेंडर स्पेशलिस्ट निशा और नीतू ने मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना और महिला एवं बाल विकास विभाग की अन्य योजनाओं से अवगत करवाया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की एक वर्ष तक की 15 बेटियों का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया और उपस्थित गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म अदा की गई। इसके अलावा बजूरी पंचायत में दो या केवल एक ही बेटी की माता को सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।