हमीरपुर। ग्राम पंचायत बजूरी के गांव झरेड़ी में वीरवार दोपहर 12 बजे एक पशुशाला और रसोई घर में आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से पशुशाला में बंधी दो भैंसें और एक कटड़ी गंभीर रूप से झुलस गईं।
इनमें एक भैंस और कटड़ी लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गई हैं, जबकि दूसरी भैंस करीब 70 प्रतिशत झुलसी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हमीरपुर की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। वहीं, प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और प्रदेश सरकार की ओर से 4,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की।
डॉ. वर्मा ने पीड़ित राजू को व्यक्तिगत रूप से 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी और घायल पशुओं के इलाज में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगजनी के दौरान पशुशाला, रसोई घर, 25 हजार रुपये का भूसा और अन्य सामान जलकर राख हो गया है।
पीड़ित राजू ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। तहसीलदार हमीरपुर नरेश पटियाल ने बताया कि पटवारी को मौके पर भेजा गया था और फौरी राहत जारी कर दी गई है।
इस दौरान अतिक्रमण के चलते अग्निशमन वाहन को मौके तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखें, ताकि आपात स्थिति में कोई परेशानी न हो।
गांव झरेड़ी में आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे कांग्रेसी नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा। स