जिला पुस्तकालय में बैठने के लिए 31 मार्च तक होगा पंजीकरण
वर्तमान में पुस्तकालय में हमीरपुर सहित बाहरी जिलों से अभ्यर्थी आते हैं पढ़ने
स्थान न मिलने पर पुस्तकालय में अक्सर आपसी विवाद में उलझ रहे अभ्यर्थी
पुस्तकालय में वरिष्ठ नागरिकों सहित 350 अभ्यर्थियों को बैठाने की है क्षमता
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला पुस्तकालय हमीरपुर में अब अभ्यर्थियों को बैठने के लिए पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को पुस्तकालय की ओर से तीन वर्ष तक की सदस्यता प्रदान की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को 31 मार्च तक का समय दिया गया है। पंंजीकरण के लिए जिला पुस्तकालय की ओर से अभ्यर्थियों को फार्म प्रदान किया जाएगा। इस पर अभ्यर्थियों को अपने पंचायत प्रधान से हस्ताक्षर कराने होंगे। वर्तमान में जिला पुस्तकालय में हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी सहित अन्य जिलोंं और आसपास के क्षेत्रों से अभ्यर्थी पढ़ने आते हैं लेकिन कुछेक समय पुस्तकालय में सीटों को लेकर अभ्यर्थी आपस में उलझते रहते हैं। इसके चलते पुस्तकालय प्रभारी सहित स्टाफ सदस्यों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जिला पुस्तकालय की ओर से अभ्यर्थियों को सदस्यता लेने के लिए कहा जा रहा है ताकि पुस्तकालय में अभ्यर्थियों को पढ़ने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला पुस्तकालय में वरिष्ठ नागरिकों के साथ 350 अभ्यर्थियों को बैठाने की व्यवस्था है। ऐसे में अब पुस्तकालय में पढ़ने आने के लिए अभ्यर्थियों को पहले सदस्यता लेनी होगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को पुस्तकालय में बैठने की सुविधा मिलेगी।
इस बारे में जिला पुस्तकालय हमीरपुर की प्रभारी कुसुम कुमारी ने कहा कि अब जिला पुस्तकालय में बैठने के लिए अभ्यर्थियों को 31 मार्च तक पंजीकरण कराना होगा। अक्सर पुस्तकालय में सीटों को लेकर हो रहे विवाद में पुस्तकालय प्रशासन की ओर से यह निर्णय लिया है।