हमीरपुर। जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पांच उपमंडलों में मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी, हमीरपुर के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की साझेदारी में आयोजन होगा।
शिविर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, मोहाली, पंजाब की मदद से संचालित होंगे। पात्र लाभार्थियों का परीक्षण कर व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, वैसाखी, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन, स्मार्ट मोबाइल, योकर और कानों की मशीन जैसे उपकरण निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने कहा कि यह उपमंडल स्तरीय शिविर 16 से 20 मार्च तक पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होंगे।
शिविरों का आयोजन 16 मार्च को उपमंडल बड़सर के भकरेड़ी में, 17 मार्च को हमीरपुर के जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में, 18 मार्च को सुजानपुर के तहसील कल्याण कार्यालय में, 19 मार्च को उपमंडल नादौन के कलूर में और 20 मार्च को भोरंज के ग्राम पंचायत भवन भोरंज (बस्सी) में आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में जिनकी दिव्यांगता 40 फीसदी या उससे अधिक है और वरिष्ठ नागरिक, जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है, भाग लेकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आंखों के चश्मे और दांतों के लिए परीक्षण इन शिविरों में उपलब्ध नहीं होगा।