हमीरपुर। जिला स्कूली क्रीड़ा संगठन ने अंडर-19 छात्र और छात्रा वर्ग की ब्लॉक और जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का कैलेंडर तय कर लिया है। इस बार रग्बी, टग ऑफ वार और वुशु को भी शामिल किया गया है।
इन खेलों के लिए जिला स्तर पर ट्रायल लेकर टीमों का गठन किया जाएगा। छात्र वर्ग की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं पांच से सात सितंबर तक लदरौर, कुठेड़ा, रैली जजरी, जंगलबैरी और कांगू स्कूलों में होंगी। छात्रा वर्ग के जोनल मुकाबले 10 से 12 सितंबर तक जाहू, बिझड़ी और अमलैहड़ स्कूलों में करवाए जाएंगे।
अंडर-19 माइनर खेलों में छात्र वर्ग की प्रतियोगिता भरेड़ी में 15 से 18 सितंबर और छात्रा वर्ग की डिडवीं स्कूल में 21 से 23 सितंबर तक होगी। मेजर खेलों में छात्र वर्ग की प्रतियोगिता गौना करौर में 15 से 19 सितंबर और छात्रा वर्ग की सुजानपुर स्कूल में 21 से 23 सितंबर तक होगी।
इंडोर खेलों में छात्र वर्ग की प्रतियोगिता सुजानपुर स्कूल में 15 से 17 सितंबर और छात्रा वर्ग की अमरोह स्कूल में 21 से 23 सितंबर तक होगी।
जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 25 से 27 सितंबर तक कन्या स्कूल हमीरपुर और सांस्कृतिक प्रतियोगिता 28 से 30 सितंबर तक भोटा स्कूल में होगी। जिला सहायक खेल शिक्षा अधिकारी ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।