धनेटा(हमीरपुर)। जिले में मंगलवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण हथोल स्कूल के पास खड्ड का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हथोल के मुख्य गेट तक जाने वाला रास्ता, चहारदीवारी का एक हिस्सा, खेल मैदान का बड़ा भाग, 10 पेड़ और केंचुआ खाद का शेड बह गया।
इससे स्कूल परिसर को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। बुधवार सुबह विद्यार्थी स्कूल पहुंचे तो उन्हें एसडीएम की ओर से घोषित अवकाश की जानकारी मिली। अध्यापकों ने विद्यार्थियों को स्कूल के पिछले रास्ते से सुरक्षित घर भेज दिया।
स्कूल भवन मान खड्ड से करीब 10 मीटर की दूरी पर है, जिससे बारिश के दौरान खतरा बढ़ गया है। पूर्वाह्न करीब 11 बजे एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूल का निरीक्षण किया।
अभी नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो पाया है। बारिश थमने के बाद वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा।
कोट
एसडीएम के निर्देशों पर स्कूल में आए विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेज दिया गया है। स्टाफ के अवकाश को लेकर कोई भी निर्देश नहीं आए हैं। बारिश से स्कूल में लाखों का नुकसान हुआ है।
-राज कुमार, प्रधानाचार्य, हथोल स्कूल