संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। दो वर्ष बाद भी नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर आठ में आपदा के जख्म नहीं भर पाए हैं। वार्ड में मरम्मत कार्य के लिए गठित निरीक्षण कमेटी की ओर से बनाई गई डीपीआर फाइलों में दफन है।
डीपीआर को मंजूरी न मिलने से वार्ड में मरम्मत एवं रखरखाव कार्य अधर में रुका हुआ है। इससे वार्ड के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड में मलबे को रोकने के लिए कोई भी कार्य नहीं हुआ है। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों के घरों में मलबा घुसने का खतरा बना हुआ है। समस्या को लेकर विभागीय अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
वार्डवासियों ने कहा कि दो वर्ष पूर्व आपदा के दौरान वार्ड के मुख्य रास्ते नाले से होते हुए पहाड़ी से मलबा लोगों के घरों में घुस गया था। इससे लोगों को काफी नुकसान हुआ है। पहाड़ी के साथ रास्ते के साथ क्रेटवाल और डंगे का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। दो वर्ष पूर्व हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मौके पर पहुंचे थे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी कमेटी का गठन करने और नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। कमेटी में एसडीएम, तहसीलदार, जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग सहित नगर परिषद अधिकारियों को शामिल किया गया, ताकि नुकसान का आकलन करके सही रिपोर्ट तैयार की जा सके। कमेटी ने वार्ड में कार्य के लिए 12 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार करके उपायुक्त कार्यालय में मंजूरी के लिए भेजी, लेकिन अभी तक कार्य के लिए लेकर बजट नहीं मिला है।